भोजपुरी सिनेमा के जाने-माने कलाकार खेसारी लाल यादव (Khesari Lal Yadav) बड़ी मुसीबत में फंस गए है। खेसारी लाल यादव के ऊपर असभ्य गाना बनाने के चलते एफआईआर दर्ज की गई है। खेसारी लाल यादव के ऊपर सेक्शन 292, 294, 354 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
गायक पर आरोप है कि उन्होंने अपने नए गाने में भद्दी भाषा और अभद्र शब्दों का इस्तेमाल किया है, जो भारतीय महिलाओं का अपमान करते हैं। खेसारी लाल यादव के ऊपर सनातन सेना फाउंडेशन के श्री सुरजीत सिंह ने मुंबई में मामला दर्ज कराया है।
अपनी शिकायत में सुरजीत सिंह ने खेसारी लाल यादव पर आरोप लगाया है कि उन्होंने गाने में बेहूदा भाषा और गंदे शब्दों का इस्तेमाल केवल रुपये कमाने के लिए किया है। शिकायत में सुरजीत सिंह ने खेसारी लाल यादव के गाने की लाइनों को प्वाइंट आउट करते हुए कहा है कि वो किस तरह से भारतीय महिलाओं की बेइज्जती करते हैं।
यह पहला मौका नहीं है जब खेसारी लाल यादव का नाम विवादों में फंसा है। खेसारी लाल यादव कई बार अपने गानों और व्यवहार के चलते खबरों में आ चुके हैं। कुछ समय पहले डायरेक्टर राजकुमार पांडे के साथ बदतमीजी करने के आरोप भी गायक के ऊपर लग चुके हैं। खेसारी लाल यादव पर गलत भाषा उपयोग करने की वजह से मामला भी दर्ज हुआ था।
बता दें कि बीते दिनों ही खेसारी लाल यादव ने अपने फेसबुक अकाउंट से लाइव आकर पत्रकारों को भी धमकी दी है। खेसारी लाल यादव ने कहा है कि अगर कोई उनके खिलाफ खबरें चलाएगा तो वो उसे ही नहीं बल्कि उसके पूरे परिवार से बदला लेंगे।