मध्य प्रदेश के छतरपुर में एक प्रवासी मजदूर ने पुलिस से शिकायत की है कि उसकी 46 वर्षीय पत्नी प्रेमी के साथ भाग गई है। पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर 3 बच्चों की मां की तलाश शुरू कर दी है। महिला अपने साथ बच्चों को भी लेकर गई है।
एक अंग्रेजी अखबार की रिपोर्ट के अनुसार 50 वर्षीय प्रवासी मजदूर 19 मई को छतरपुर स्थित मुंडेरी गांव लौटा था। वह दिल्ली में एक कंस्ट्रक्शन साइट पर काम करता था। परिवार भी डेढ़ साल पहले तक उसके साथ ही रहता था। बाद में उसकी पत्नी बच्चों के साथ घर लौट आई थी और मुंडेरी गांव में रहती थी।
फर्स्ट फ्लोर पर था क्वारंटीन
श्रमिक स्पेशल ट्रेन से लौटने के बाद प्रवासी मजदूर अपने घर की पहली मंजिल पर 14 दिनों के लिए क्वारंटीन था। लेकिन अब वह अपनी पत्नी को ढूंढने में परेशान है। उसने बताया कि वह घर की पहली मंजिल पर रहता था, पत्नी और बच्चे ग्राउंड फ्लोर पर थे। 24 मई को प्रवासी मजदूर अपने कमरे को बाहर से बंद पाया। वह किसी तरह से दरवाजा खोल बाहर आया। लेकिन घर में उसकी पत्नी कहीं नही दिखाई दी।
बच्चों का भी नहीं पता
वहीं, उसके 3 बच्चों का भी कोई पता नहीं है। पत्नी अपने साथ बच्चों को भी ले गई है। प्रवासी मजदूर ने आसपास के इलाकों में बहुत ढूंढने की कोशिश की लेकिन किसी का कुछ पता नहीं चल पाया है। प्रवासी मजदूर फिर से घर से मुंह पर गमछा बांधकर निकला और पत्नी को ढूंढने लगा। वो घर-घर गया और रिश्तेदारों और परिचितों के दरवाजे खटखटाए, लेकिन उसे उसकी पत्नी के बारे में पता नहीं चला। उसके बाद उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पति को आशंका है कि पत्नी किसी के साथ भाग गई है।