Bhopal: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (Internationl Yoga Day) पर आज देश-दुनिया में अलग-अलग तरीकों से लोग योग कर रहे हैं। इसी बीच मध्यप्रदेश के दमोह जिले में एक करीब 100 किलो वजनी पुलिसकर्मी ने करीब 2 घंटे तक पानी में योग कर सभी को अपनी ओर आकर्षित किया है। राम संकीर्तन की धुन पर वह यह योग करते हैं और इसे ही अपनी सिद्धी मानते हैं। साथ ही पानी में योग से मिलने वाले लाभ के बारे में भी बताते हैं।
दमोह जिले में विभिन्न पुलिस थानों में पदस्थ रहे हेड कांस्टेबल बीडी दाहिया ने योग दिवस के मद्देनजर जब प्रसिद्ध तीर्थ जागेश्वरधाम बांदकपुर परिसर में बने कुंड में योग किया, तो उन्हें देखने वालों की भीड़ जमा हो गई। भगवान राम की धुन और हनुमान के जयकारों से दाहिया ने शुरू किया जलयोग करीब 2 घंटे तक किया।
इस दौरान दाहिया पानी में बिना कोई तैराकी के उतराते हुए नजर आए और ऐसे ही उन्होंने अलग-अलग तरह के योगासन कर सभी को आकर्षित किया। पानी में इस तरह के योग को देखकर लोग भी अचंभित नजर आए।
पानी में योग करने वाले पुलिसकर्मी बीडी दाहिया ने बताया कि कुछ वर्षों पूर्व उनकी पोस्टिंग जिले के देहात थाना में हुई थी। मंदिर के सामने हनुमानजी का मंदिर है। जहां उनकी विशेष आस्था थी और है। मंदिर के पास एक कुआं भी है। एक बार भगवान राम और हनुमान और ध्यान में रखकर वह कुएं में उतरे तो उन्हें ऐसा लगा जैसे उनका शरीर डूब ही नहीं रहा है। वह यही साधना और ध्यान का योग था कि उन्होंने प्रभु ध्यान पानी में करना शुरू किया था।
तब दाहिया का वजन भी अधिक था, जबकि अब 100 से कम हो चुका है। दाहिया के अनुसार इसके बाद अनेक बार थाने के सामने के कुएं के अलावा अनेक धार्मिक स्थलों पर जल में योग कर चुके है। भगवान राम की धुन और ध्यान की साधना में लीन होने के चलते ही यह संभव हो पाता है।
दाहिया अपने जल योग का प्रदर्शन उज्जैन कुंभ के दौरान भी कर चुके हैं। दाहिया के अनुसार पानी में योग करने के लिए ध्यान सबसे ज्यादा जरूरी है। पानी के योग के लाभ भी उन्होंने बताए। योग दिवस पर जिले भर में सुबह से लोगों और संस्थाओं द्वारा भी योग प्राणायाम किए गए।