Mumbai. बहुप्रतीक्षित भोजपुरी म्यूजिक वीडियो ‘बंबई में का बा’ का टीजर और पोस्टर लॉन्च करने के बाद निर्माता-निर्देशक अनुभव सिन्हा ने बुधवार को यह गाना रिलीज कर दिया। इसमें मनोज बाजपेयी एक अनदेखे अवतार में नजर आ रहे हैं। अनुभव इस गाने के रचनाकार, निर्माता और निर्देशक हैं।
अनुराग सैकिया द्वारा संगीतबद्ध ‘बंबई में का बा’ को कोरोनोवायरस महामारी के बीच एक दिन सिटी स्टूडियो में शूट किया गया था। यह गीत पूरी तरह से मनोज बाजपेयी द्वारा गाया और परफॉर्म किया गया है, जिसमें बताया गया है कि आखिर मुंबई शहर में ऐसा क्या है जो पूरे देश के लोगों को आजीविका के लिए यहां आने के लिए आकर्षित करता है। गीत में एक साधारण सा सवाल उठाया गया है – ‘अगर मुंबई एक शहर है, बॉम्बे एक भावना है, तो बंबई क्या है ..?’
निर्देशक-अभिनेता की जोड़ी ने अपने संबंधित सोशल मीडिया पर गाने के लिंक को साझा किया है जिसे उनके प्रशंसकों द्वारा खूब सहराया जा रहा है। गाने को टी-सीरीज के सहयोग से बनारस मीडियावर्क्स द्वारा बनाया गया है।